Type Here to Get Search Results !

हिरोडीह में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाईचार कारोबारी गिरफ्तार, हाइवा समेत कई वाहन जब्त।

जमुआ,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह जिले के हिरोडीह थाना क्षेत्र में अवैध खनन एवं खनिज भंडारण के खिलाफ पुलिस और विभागीय टीम ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए चार कारोबारियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन से जुड़े कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस द्वारा दर्ज विभिन्न कांडों के आधार पर गिरफ्तार आरोपियों में कोडरमा निवासी राजा सिंह उर्फ राज रंजन सिंह, किसगो निवासी मोहन सिंह उर्फ मदन मोहन सिंह, रघु पासवान उर्फ अरविन्द पासवान तथा अमझर निवासी मुन्ना बास्के उर्फ मुन्ना विनय बास्के शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस, जेएमएमसी एक्ट, एमएमडीआर एक्ट एवं झारखंड मिनरल स्टोरेज रूल के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान अवैध खनन और खनिज भंडारण से जुड़े साक्ष्य मिलने के बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

संयुक्त अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध खनन में प्रयुक्त एक पोकलेन मशीन, एक हाइवा तथा तीन ट्रैक्टर भी जब्त किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध पत्थर और खनिज कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा तथा इसमें संलिप्त लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध खनन से जुड़े लोगों के बीच दहशत का माहौल है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन के कारण क्षेत्र की सड़कें जर्जर हो रही थीं और पर्यावरण को भी भारी नुकसान पहुंच रहा था। प्रशासन की सख्ती से अब ऐसे अवैध कारोबार पर रोक लगने की उम्मीद बढ़ी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.