Type Here to Get Search Results !

इसरी बाजार हादसे के बाद प्रशासन की तत्परता: पीड़ित परिवारों के लिए राहत, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की पहल//डुमरी अनुमंडल प्रशासन ने जारी की 9 सूत्री कार्ययोजना, मुआवजा, इलाज और सड़क सुरक्षा पर त्वरित कार्रवाई।

डुमरी,शिखर दर्पण संवाददाता।

निमियाघाट थाना क्षेत्र के इसरी बाजार में 8 मई की देर शाम हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना के बाद जिला एवं अनुमंडल प्रशासन ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए राहत एवं सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उपायुक्त के निर्देश पर डुमरी के प्रभारी एसडीओ संतोष गुप्ता एवं सीओ सह प्रभारी बीडीओ शशिभूषण वर्मा ने संयुक्त रूप से 9 सूत्री राहत एवं सुरक्षा योजना की घोषणा कर पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है। प्रशासन द्वारा जारी घोषणा पत्र के अनुसार दुर्घटना में मृत सभी लोगों के आश्रितों को आपदा राहत योजना के तहत एक सप्ताह के भीतर एक-एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही मुआवजा प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि पीड़ित परिवारों को मृत्यु प्रमाण पत्र, पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

घायलों के बेहतर इलाज को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने आयुष्मान भारत योजना के तहत समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ दिलाया जाएगा, जिससे उपचार में आर्थिक बाधा न आए। हादसे से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने अनुकम्पा एवं विधिक सहायता योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू करने की बात कही है। वहीं जिन बच्चों ने इस दुर्घटना में अपने पिता को खो दिया है, उन्हें स्पॉन्सरशिप स्कीम से जोड़कर उनकी शिक्षा और भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में पहल की जाएगी। घटना के बाद स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से रेफरल अस्पताल की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की जा रही है। प्रशासन ने जिम्मेदारी तय करने और स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए जांच रिपोर्ट 11 मई तक जिला मुख्यालय को सौंपने का निर्देश दिया है।

भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी ठोस कदम उठाने की घोषणा की है। ग्रामीणों की सहमति से इसरी बाजार में भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री का समय निर्धारित किया जाएगा। साथ ही डुमरी-इसरी चौक से स्टेशन रोड तक सुरक्षा बलों की तैनाती कर यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त डुमरी चौक से इसरी बाजार स्टेशन रोड तक अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि सड़कें सुगम हों और दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके। प्रशासन की इस त्वरित और संवेदनशील पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है तथा उम्मीद जताई है कि इन कदमों से न केवल पीड़ित परिवारों को राहत मिलेगी, बल्कि भविष्य में सड़क सुरक्षा भी मजबूत होगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.