Type Here to Get Search Results !

शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन, प्रशिक्षकों को किया गया सम्मानित।

पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता। 

उत्तर प्रदेश प्रकाश भवन अंतर्गत संचालित पारस विद्या योजना से जुड़े स्कूल शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 7 मई से 13 मई तक उत्तर प्रदेश प्रकाश भवन, मधुबन में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में परियोजना से जुड़े 33 स्कूलों के 41 शिक्षकों ने भाग लिया।अहमदाबाद से आई प्रशिक्षक पिनाक्षी बडोदरिया एवं हिमांद्री सोलंकी ने शिक्षकों को आधुनिक एवं रुचिकर शिक्षण पद्धतियों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग, बच्चों के बीच शिक्षण कार्य को मजेदार बनाने तथा आर्ट एंड क्राफ्ट के माध्यम से अनुपयोगी वस्तुओं से रचनात्मक सामग्री तैयार करना सिखाया गया। कार्यक्रम के तहत बराकर (रिजजुबलिका) में एक दिवसीय ओबीट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां शिक्षकों को बाहरी गतिविधियों से अवगत कराया गया। वहीं जयनगर एवं हरलाडीह में प्रशिक्षकों की उपस्थिति में अभिभावक बैठक आयोजित कर अभिभावकों से संवाद भी किया गया। प्रशिक्षण के अंतिम दिन समापन समारोह का आयोजन हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों के तिलक स्वागत से हुई। संस्था के सहायक प्रबंधक सुजीत सिन्हा ने परियोजना द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं शिक्षकों द्वारा तैयार आर्ट एंड क्राफ्ट सामग्री की जानकारी अतिथियों को दी। शिक्षकों ने भी प्रशिक्षण से आए सकारात्मक बदलावों को साझा किया।  इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी कैलाश प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि संस्था अध्यक्ष विजय जैन, अहमदाबाद द्वारा ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों के स्कूलों में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया जा रहा है। वरिष्ठ प्रबंधक तीर्थ क्षेत्र कमेटी के सुमन सिन्हा ने कहा कि प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा किया गया शिक्षण अधिक प्रभावी होता है तथा इस प्रकार के प्रशिक्षण समय-समय पर आयोजित होने चाहिए।

शिखरजी स्वच्छता समिति के भरत साहू, संतोष जैन, विद्याभूषण एवं संतोष ठाकुर ने संस्था के कार्यों में हरसंभव सहयोग देने की बात कही। वहीं शाश्वत ट्रस्ट के प्रबंधक संजीव जैन ने इसे पुनीत कार्य बताते हुए सभी से सहयोग की अपील की। समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों द्वारा दोनों प्रशिक्षकों को शॉल, तिलक एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में इंद्रदेव शर्मा, प्रमोद सिंह, राजो पेक्स मधुबन के प्रबंधक मोहन कर्मकार, मंगर तलैया स्कूल के सचिव दीपक अग्रवाल, बुंदेलखंड से नीरज जैन शाहगढ़ सहित कई गणमान्य व्यक्ति एवं परियोजना शिक्षक उपस्थित रहे। अंत में परियोजना समन्वयक विनय महतो ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.