गुरहा निवासी प्रवासी मजदूर की संदिग्ध मौत से क्षेत्र में शोक, विधायक नागेन्द्र महतो ने परिजनों से की मुलाकात।
SHIKHAR DARPANWednesday, May 13, 2026
0
बिरनी,शिखर दर्पण संवाददाता।
बिरनी प्रखंड के गुरहा गांव निवासी प्रवासी मजदूर सचिन प्रसाद वर्मा की सूरत में संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में भी घटना को लेकर गहरी चिंता देखी जा रही है। मृतक परिवार का मुख्य सहारा बताया जा रहा है, जो रोजी-रोटी के लिए गुजरात के सूरत शहर में मजदूरी का काम करता था।जानकारी के अनुसार, सचिन प्रसाद वर्मा की मौत विगत दिनों संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई थी। घटना के बाद परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सरकार और प्रशासन को गंभीर पहल करनी चाहिए, ताकि बाहर काम करने वाले मजदूर सुरक्षित रह सकें।घटना की सूचना मिलने के बाद बगोदर विधायक सह सचेतक नागेन्द्र महतो गुरहा गांव पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
विधायक ने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा समाज पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। विधायक नागेन्द्र महतो ने कहा कि यदि मामले में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है।विधायक ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा तथा जरूरत पड़ने पर मामले को उच्च स्तर तक उठाया जाएगा। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों को धैर्य रखने की अपील की।मौके पर सांसद प्रतिनिधि देवनाथ राणा, जिला मंत्री लक्ष्मण दास, मंडल अध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, प्रेमचंद कुशवाहा, सुरज मोदी, रंजीत राय, चंदन बजरंगी, आजाद तूरी, भरत वर्मा, रामजी वर्मा, भवानी वर्मा, प्रवीण वर्मा, दिनेश यादव, सुरेंद्र यादव, गुरुचरण वर्मा, महेश यादव, भीम यादव, अजय यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।