जमीन के लिए हैवान बने बेटे-बहू! बुजुर्ग पिता को कुल्हाड़ी से वार कर किया घायल।
SHIKHAR DARPANFriday, May 22, 2026
0
डुमरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
डुमरी थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जामतारा पंचायत के बेरमो मोड़ स्थित महाबीर मंदिर के समीप रहने वाले 68 वर्षीय कृष्णा नंदन मोदी ने अपने ही बड़े बेटे, बहू और एक अन्य युवक पर जान से मारने की नीयत से कुल्हाड़ी, लाठी और डंडे से हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। घायल बुजुर्ग धनबाद में जिंदगी और मौत के बीच इलाजरत हैं।पीड़ित द्वारा डुमरी थाना में दिए गए आवेदन के मुताबिक, गुरुवार 21 मई की दोपहर वे जामतारा से लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक शोरूम के पास पहले से घात लगाए बैठे बड़े बेटे संजय कुमार अग्रवाल, बहू बबीता अग्रवाल और आशीष कुमार अग्रवाल ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि तीनों ने पहले गाली-गलौज की, फिर अचानक लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। कृष्णा नंदन मोदी ने आवेदन में कहा है कि विवाद जमीन बेचने को लेकर था। जैसे ही उन्होंने कहा कि जमीन उनकी खरीदी हुई संपत्ति थी और उसे बेचने का अधिकार उन्हें है, वैसे ही आरोपियों का गुस्सा भड़क उठा।
आरोप है कि सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया गया, जिससे उनका माथा फट गया और वे खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े। सबसे चौंकाने वाली बात यह बताई जा रही है कि बुजुर्ग के बेहोश होकर गिरने के बाद भी हमलावर नहीं रुके। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपियों ने बेहोशी की हालत में भी मारपीट जारी रखी। मौके पर लोगों की भीड़ जुटने के बाद किसी तरह उनकी जान बचाई जा सकी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर कुछ मिनट और देर हो जाती तो घटना हत्या में बदल सकती थी। सूत्रों के अनुसार, डुमरी-गिरिडीह रोड स्थित जमीन को लेकर पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। लेकिन प्रशासनिक स्तर पर कभी गंभीर पहल नहीं हुई। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर एक बुजुर्ग को अपने ही घरवालों से जान बचाने की नौबत क्यों आई?यह घटना सिर्फ एक पारिवारिक विवाद नहीं, बल्कि समाज में तेजी से टूटते रिश्तों और प्रशासनिक निष्क्रियता पर बड़ा सवाल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन इलाके में भारी आक्रोश है और लोग आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।