सड़क निर्माण विवाद को लेकर कोयवाटांड़ पहुंचे बीडीओ, जल्द शुरू होगा काम।
SHIKHAR DARPANTuesday, May 12, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत पालगंज पंचायत के कोयवाटांड़ गांव में निर्माणाधीन सड़क को लेकर चल रहे विवाद के बीच मंगलवार को बीडीओ मनोज कुमार मरांडी गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दोनों पक्षों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली और स्थल का निरीक्षण किया।बीडीओ ने कहा कि सड़क निर्माण जैसे विकास कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पहले संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया जाएगा और इसके बावजूद भी कार्य में रुकावट डालने पर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 16 मई को दोनों पक्षों के लोगों को वार्ता के लिए बुलाया गया है, ताकि आपसी सहमति से समस्या का समाधान निकाला जा सके। जानकारी के अनुसार, पालगंज से कोयवाटांड़ तक सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, जिसका लगभग आधा हिस्सा पूरा हो चुका है। गांव के कुछ लोग सड़क को अपने-अपने घर की ओर से बनाने की मांग कर रहे हैं, जिसके कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने सभी ग्रामीणों से विकास कार्य में सहयोग करने और आपसी सहमति बनाए रखने की अपील की है।