फूड सेफ्टी को लेकर होटलों में जांच, संचालकों को दी गई सख्त हिदायत।
SHIKHAR DARPANSaturday, May 23, 2026
0
जमुआ,शिखर दर्पण संवाददाता।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शनिवार को जमुआ बाजार स्थित विभिन्न होटल, मिठाई दुकानों एवं भोजनालयों में सघन जांच अभियान चलाया इस दौरान टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, रसोई की साफ-सफाई तथा भोजन बनाने की व्यवस्था का निरीक्षण किया अधिकारियों ने दुकानदारों एवं होटल संचालकों को स्वच्छता बनाए रखने तथा गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपयोग करने का निर्देश दिया।जांच के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार के हानिकारक रंग, केमिकल या मिलावटी सामग्री का प्रयोग नहीं किया जाए।
टीम ने चेतावनी देते हुए कहा कि खाद्य सामग्री में मिलावट या केमिकल पाए जाने पर संबंधित संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा 50 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।अधिकारियों ने सभी होटल एवं भोजनालय संचालकों को फूड सेफ्टी लाइसेंस लेना अनिवार्य बताया। बिना लाइसेंस के होटल संचालन करने वालों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की बात कही गई इसके अलावा ताजा भोजन परोसने, खाद्य सामग्री को ढंककर रखने तथा रसोईघर की नियमित सफाई करने की हिदायत दी गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कहा कि आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग द्वारा आगे भी बाजार क्षेत्र में लगातार जांच अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर नजर रखी जाएगी।