Type Here to Get Search Results !

झमाझम बारिश के बाद पीरटांड़ प्रखंड का मौसम हुआ सुहाना, लोगों को गर्मी से मिली राहत।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के बीच शुक्रवार को हुई झमाझम बारिश ने पीरटांड़ प्रखंड के मौसम को पूरी तरह सुहाना बना दिया। बारिश के बाद पूरे क्षेत्र में ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। सुबह से आसमान में छाए बादलों के बीच दोपहर बाद तेज बारिश शुरू हुई, जिसने मौसम का मिजाज बदल दिया। बारिश के कारण प्रखंड के मधुबन, पालगंज, खुखरा, हरलाडीह, चिरकी, समेत कई ग्रामीण इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। कई दिनों से तेज धूप और गर्म हवाओं से परेशान लोग बारिश के बाद घरों से बाहर निकलकर सुहाने मौसम का आनंद लेते नजर आए।

बच्चों ने बारिश में जमकर मस्ती की, वहीं किसानों के चेहरे भी खिल उठे। स्थानीय किसानों ने बताया कि बारिश खेती के लिए काफी लाभदायक साबित होगी। खासकर धान की खेती की तैयारी कर रहे किसानों को इससे बड़ी राहत मिली है। खेतों में नमी आने से कृषि कार्य में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। बारिश के दौरान कुछ इलाकों में हल्की बिजली कटौती और जलजमाव की स्थिति भी देखने को मिली, लेकिन मौसम सुहाना होने से लोगों में खुशी का माहौल बना रहा। सड़क किनारे चाय और पकौड़ी की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ देखने को मिली। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक जिले के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। विभाग द्वारा लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आकाशीय बिजली से बचाव करने की अपील भी की गई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.