Type Here to Get Search Results !

तिसरी में वज्रपात का कहर: 13 गाय-बैलों की मौत, आदिवासी किसानों पर टूटा दुखों का पहाड़।

तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।

तिसरी प्रखंड अंतर्गत खटपोक पंचायत के केंदुआ गांव में शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे भारी बारिश के दौरान हुए वज्रपात में 13 गाय और बैलों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से गांव में मातम का माहौल है। मृत मवेशी केंदुआ-बंदरचुआं मौजा के पांच आदिवासी किसानों के बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, प्रतिदिन की तरह शुक्रवार सुबह भी गांव के मवेशी जंगल की ओर चरने गए थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश और गर्जन से भयभीत होकर सभी मवेशी एक बांस के पेड़ के पास खड़े हो गए। तभी अचानक तेज वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से मौके पर ही 13 मवेशियों की मौत हो गई।

मृत मवेशियों में बाबूलाल मरांडी के 3, महेश सोरेन के 4, छोटका मुर्मू के 4 तथा सुखु मुर्मू और छोटकी टुडू के 1-1 मवेशी शामिल हैं।घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थानीय मुखिया जानकी यादव को जानकारी दी। मुखिया घटनास्थल पर पहुंचीं और पीड़ित किसानों को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा से गरीब किसानों की कमर टूट गई है। उन्होंने प्रशासन से सभी प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की।वहीं तिसरी प्रखंड के पशु चिकित्सा पदाधिकारी रामकृष्ण बाउरी ने बताया कि खटपोक पंचायत में वज्रपात से 13 मवेशियों की मौत की सूचना मिली है। मामले की रिपोर्ट जिला कार्यालय को भेजी जाएगी ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.