बालू की अवैध तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, दो ट्रैक्टर जब्त।
SHIKHAR DARPANSaturday, May 30, 2026
0
सरिया,शिखर दर्पण संवाददाता।
क्षेत्र में बालू के अवैध खनन और तस्करी के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टरों को जब्त किया है। दोनों ट्रैक्टर अवैध रूप से बालू का परिवहन कर रहे थे। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को लगातार अवैध बालू परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने एक ट्रैक्टर को सरिया रेलवे फाटक के समीप तथा दूसरे ट्रैक्टर को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कार्यालय के ठीक सामने से पकड़ा। जांच के दौरान दोनों ट्रैक्टरों पर बालू लदा हुआ पाया गया, लेकिन चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाना परिसर में लाकर खड़ा कर दिया।
मामले की जांच की जा रही है तथा बालू के स्रोत और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई को स्थानीय लोगों ने भी सराहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध बालू खनन और परिवहन से सरकारी राजस्व की क्षति होने के साथ-साथ पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे में प्रशासन की सख्ती जरूरी है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।