Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह के गावां थाना का सरकारी वाहन नदी में फंसा, जेसीबी से हुआ रेस्क्यू।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

जिले के गावां थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी का शॉर्टकट अपनाने का फैसला चर्चा का विषय बन गया है। चेरवा गांव जाने के दौरान पुलिस की 112 पेट्रोलिंग बोलेरो वाहन नदी में फंस गई, जिसे बाद में जेसीबी की मदद से भारी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी अपने सरकारी वाहन से चेरवा गांव की ओर जा रहे थे। इस दौरान मुख्य मार्ग पर बने दो पुलों का उपयोग करने के बजाय वाहन को नदी के रास्ते उतार दिया गया। शुक्रवार को आए साइक्लोन और लगातार हुई बारिश के कारण नदी का बहाव सामान्य दिनों की तुलना में अधिक था। इसी बीच वाहन नदी के बीच धारा में जाकर फंस गया। वाहन के फंसते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। काफी प्रयास के बाद जेसीबी मशीन मंगाई गई और उसकी सहायता से वाहन को सुरक्षित नदी से बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना नहीं है।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब नदी पार करने के लिए दो पुल पहले से उपलब्ध थे, तो वाहन को नदी के रास्ते ले जाने की क्या आवश्यकता थी। ग्रामीणों का कहना है कि शॉर्टकट अपनाने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। इस दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो और तस्वीरें अपने मोबाइल फोन में कैद कर लीं। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। वायरल वीडियो में पुलिस वाहन को जेसीबी की सहायता से नदी से बाहर निकालते हुए देखा जा सकता है। हालांकि इस मामले को लेकर पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन क्षेत्र में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है और सोशल मीडिया पर लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शॉर्टकट की यह हरकत थाना प्रभारी और उनके साथ मौजूद पुलिस जवानों के लिए कुछ समय के लिए परेशानी का कारण बन गई।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.