गिरिडीह में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, पुराना जेल परिसर के पीछे बनी 45 दुकानों पर चला बुलडोजर।
SHIKHAR DARPANSaturday, May 30, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
शहर के टावर चौक से कल्याणडीह फोरलेन मार्ग स्थित पुराना जेल परिसर के पीछे नगर निगम द्वारा निर्मित 45 दुकानों को शनिवार को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। नगर निगम की टीम जेसीबी मशीनों की मदद से दुकानों को हटाने में जुटी रही। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए दंडाधिकारी, नगर निगम के अधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात रहे। जानकारी के अनुसार, इन दुकानों को लेकर पूर्व में भी नगर निगम द्वारा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई थी, जिसका प्रभावित दुकानदारों ने कड़ा विरोध किया था। दुकानदारों ने कार्रवाई के खिलाफ धरना, अनशन और भूख हड़ताल जैसे आंदोलन भी किए थे। इस मुद्दे को लेकर लंबे समय तक विवाद और गतिरोध की स्थिति बनी रही थी।
शनिवार को नगर निगम ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए दुकानों को पूरी तरह हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। जेसीबी मशीनों से एक-एक कर सभी 45 दुकानों को ध्वस्त किया गया। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर स्थिति पर लगातार निगरानी रखी। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से प्रभावित दुकानदारों में नाराजगी देखी जा रही है। वहीं प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई नियमानुसार और निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जा रही है। नगर निगम की इस कार्रवाई को लेकर शहर में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। मौके पर सहायक नगर आयुक्त अशोक हंसदा, दंडाधिकारी विनोद सिंह, अर्बन प्लानर मंजूर आलम सहित नगर निगम के कर्मी और पुलिस जवान उपस्थित थे। प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे।