Type Here to Get Search Results !

अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र निर्माण में भारी गड़बड़ी, घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

पीरटांड़ प्रखंड के पालगंज पंचायत में निर्माणाधीन अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र में भारी अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने भवन निर्माण में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी करते हुए घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाया है।ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी योजना के तहत बनाए जा रहे इस भवन में कमजोर ईंट, जंग लगा पतला छड़ और निम्न स्तर की सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। आरोप है कि भवन निर्माण का पूरा जिम्मा राजमिस्त्रियों के भरोसे छोड़ दिया गया है, जिसके कारण कार्य मनमाने तरीके से कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इतने बड़े सरकारी भवन के निर्माण में आवश्यक तकनीकी मानकों का पालन नहीं हो रहा है। भवन में केवल दरवाजों के ऊपर ही लिंटल दिया जा रहा है, जबकि पूरे ढांचे में इसकी जरूरत होती है। इससे भवन की मजबूती और सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। निर्माण कार्य में लगे राजमिस्त्री ने बताया कि सरकार द्वारा इसी प्रकार का प्राक्कलन तैयार किया गया है।

वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर नियुक्त अभियंता किशोर हरि कभी निरीक्षण के लिए नहीं आते और पूरा काम केवल राजमिस्त्रियों के भरोसे चल रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि समय-समय पर निरीक्षण नहीं होने से संवेदक मनमानी कर रहा है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही निर्माण सामग्री की जांच कर गुणवत्ता में सुधार नहीं किया गया, तो वे जिला प्रशासन को लिखित शिकायत देने के साथ आंदोलन भी करेंगे।इधर, मामले में संवेदक और अभियंता पक्ष से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बातचीत नहीं हो सकी।स्थानीय पंचायत समिति सदस्य जोगेंद्र तिवारी एवं मुखिया शशिबाला देवी के पति बिरजू साव ने बताया कि भवन निर्माण में अनियमितता की शिकायत मिली है और जल्द ही मामले की जांच कर सुधार कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि संवेदक द्वारा स्थानीय प्रभावशाली लोगों को निर्माण कार्य का जिम्मा सौंपे जाने के कारण अनियमितता बढ़ी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.