सड़क के बीच निकला लोहे का रड बना हादसों का कारण, ग्रामीणों में आक्रोश।
SHIKHAR DARPANMonday, May 11, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत गिरिडीह-डुमरी मुख्य पथ पर पाण्डेयडीह के पास सड़क के बीचों-बीच निकला लोहे का छड़ राहगीरों के लिए खतरा बन गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह छड़ कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है, लेकिन संबंधित विभाग अब तक इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। बताया जाता है कि कुछ माह पूर्व उक्त सड़क पर मरम्मती एवं पुलिया निर्माण का कार्य कराया गया था। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी सड़क के बीच से निकले लोहे के छड़ को नहीं हटाया गया। तेज रफ्तार वाहनों और बाइक सवारों के लिए यह बेहद खतरनाक साबित हो रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है, क्योंकि अंधेरे में सड़क के बीच निकला छड़ दिखाई नहीं देता। इससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बाइक सवार यहां हादसे का शिकार भी हो चुके हैं, इसके बावजूद विभाग मूकदर्शक बना हुआ है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से अविलंब सड़क की मरम्मत कर निकले हुए छड़ को हटाने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके। लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि इस सड़क से मंत्री, अधिकारी, विधायक और सांसदों का लगातार आना-जाना होता है, फिर भी किसी का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर नहीं जा रहा है।