स्वास्थ्य केंद्र निर्माण में भारी गड़बड़ी, घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप।
SHIKHAR DARPANThursday, May 14, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड प्रखंड के तुइयो पंचायत अंतर्गत नोकनिया गांव में निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्र में भारी अनियमितताओं का मामला सामने आया है। पंचायत समिति सदस्य सुशील मुर्मु, वार्ड सदस्य सुधीर हेंब्रम समेत ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सरकारी योजना के तहत बनाए जा रहे भवन में घटिया सामग्री का उपयोग कर तेजी से काम कराया जा रहा है।ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों के अनुसार निर्माण कार्य में निम्न स्तर के सीमेंट, कमजोर ईंट तथा छड़ की खराब बेंडिंग का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे भवन की मजबूती और सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य बिना प्रभावी निगरानी के चल रहा है और संबंधित विभाग के अधिकारी भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच कर सुधार नहीं किया गया, तो वे जिला प्रशासन को लिखित शिकायत सौंपेंगे तथा निर्माण कार्य रुकवाने को बाध्य होंगे। उनका कहना है कि समय रहते जांच नहीं हुई तो भविष्य में यह भवन लोगों के लिए खतरा बन सकता है।मामले को लेकर विभागीय जूनियर इंजीनियर से पूछे जाने पर अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही कार्यस्थल का निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच की जाएगी यदि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की गड़बड़ी पाई जाती है तो उसे तुरंत सुधर जाएगा साथ ही एक दो दिनों के भीतर योजना संबंधी बोर्ड भी लगा दिया जाएगा।