Type Here to Get Search Results !

वज्रपात की चपेट में आने से वृद्ध की मौत, गांव में मातम।

डुमरी,शिखर दर्पण संवाददाता। 

निमियांघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत रांगामाटी पंचायत के बरवाबेड़ा निवासी चंदलाल मांझी (66) की गुरुवार को धनबाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, बुधवार को बारिश के दौरान चंदलाल मांझी अपने पुराने घर में भींग रहे बैलों को अंदर करने गए थे। इसी दौरान घर के समीप अचानक वज्रपात हो गया, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें क्षितिज हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद के जेपी हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद भेज दिया। शव गांव पहुंचते ही मृतक की पत्नी मंझली देवी, एकलौती विवाहित पुत्री सरोधनी देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर झारखंड एकता किसान मजदूर यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष गंगाधर महतो, उपाध्यक्ष सुभाष पंडित, महासचिव रवीन्द्र कुमार, केंद्रीय सचिव मदन मोहली, राजेंद्र मोहली, प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र यादव सहित अर्जुन साव, सौरभ विश्वकर्मा, सुजीत मोहली, उज्वल शर्मा, जगदीश मोहली, नंदकिशोर पंडित और रुपलाल तुरी ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी। नेताओं ने सरकारी प्रावधान के तहत मिलने वाली मुआवजा राशि दिलाने के लिए हरसंभव पहल करने का आश्वासन दिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.