भीषण गर्मी में गिरिडीह पुलिस की मानवीय पहल, थानों के बाहर शुरू हुई प्याऊ व्यवस्था।
SHIKHAR DARPANMonday, May 25, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए गिरिडीह पुलिस ने आम जनता को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल शुरू की है। जिले के मुफ्फसिल एवं पचम्बा थाना परिसर के बाहर राहगीरों और आम लोगों के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है। इस जनहितकारी पहल की शुरुआत सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के निर्देश पर की गई। मौके पर पुलिस अधीक्षक स्वयं उपस्थित रहे और दोनों थाना परिसरों में की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राहगीरों और आम लोगों को ठंडा पानी पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी में सड़क पर निकलने वाले राहगीरों, मजदूरों और आम नागरिकों को पीने के साफ एवं ठंडे पानी के लिए परेशानी न हो, इसे ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है। फिलहाल मुफ्फसिल और पचम्बा थाना से इस अभियान की शुरुआत हुई है, जबकि आने वाले दिनों में जिले के सभी थानों और ओपी परिसरों के बाहर भी इसी प्रकार की प्याऊ व्यवस्था शुरू की जाएगी। गिरिडीह पुलिस की इस पहल की स्थानीय लोगों और राहगीरों ने जमकर सराहना की है। लोगों का कहना है कि पुलिस का यह कदम गर्मी में राहत देने के साथ-साथ पुलिस और जनता के बीच विश्वास और बेहतर संबंध बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगा।