जमीन विवाद में घायल इंद्रदेव यादव की इलाज के दौरान मौत, पांच घंटे जाम रहा मंडरो चौक।
SHIKHAR DARPANTuesday, May 26, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बंगारो गांव निवासी 40 वर्षीय इंद्रदेव यादव की जमीन विवाद में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने सोमवार रात मंडरो चौक को करीब पांच घंटे तक जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। जानकारी के अनुसार मंडरो बरवाबाद में जमीन को लेकर दो भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बीते 22 मई शुक्रवार की शाम विवाद अचानक हिंसक हो गया और मारपीट में इंद्रदेव यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए रांची ले जाया, जहां सोमवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सोमवार रात शव गांव पहुंचते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया और जमकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा हीरोडीह थाना प्रभारी को बर्खास्त करने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस ने मामले में समय रहते कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण इंद्रदेव यादव की जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई भोला यादव को गिरफ्तार कर लिया। वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। सड़क जाम की सूचना पर खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को एक सप्ताह के भीतर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद देर रात ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। फिलहाल गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।