Type Here to Get Search Results !

सलैया स्टेशन रोड और न्यू गिरिडीह स्टेशन रोड जल्द बने, नहीं तो होगा चरणबद्ध आंदोलन : राजेश सिन्हा।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह जिले के सलैया रेलवे स्टेशन रोड और न्यू गिरिडीह स्टेशन रोड की जर्जर हालत को लेकर रविवार को सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। सामाजिक कार्यकर्ता राजेश सिन्हा के नेतृत्व में दर्जनों युवाओं ने सड़क पर उतरकर रेलवे और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी की। युवाओं के हाथों में मांगों से जुड़े पोस्टर और तख्तियां थीं।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सलैया स्टेशन रोड की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है और यहां आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण नहीं कराया गया तो बड़ा हादसा हो सकता है। राजेश सिन्हा ने कहा कि सलैया स्टेशन रोड और न्यू गिरिडीह स्टेशन रोड दोनों की हालत बदतर है। खराब सड़क के कारण वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और कई बार पलट भी जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय और बड़े नेता इस मुद्दे पर खुलकर बात करने से बचते हैं। सिन्हा ने कहा कि रेलवे केंद्र सरकार के अधीन आता है।

गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी चाहें तो रेलवे मंत्री से बात कर इस सड़क का निर्माण करा सकते हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। उन्होंने यह भी कहा कि सलैया स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव को लेकर भी केवल औपचारिकता निभाई गई और स्थानीय लोगों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रेलवे और सांसदों तक बात पहुंचाने के बावजूद समाधान नहीं निकला, जिससे जनता में नाराजगी है। तुलसी राणा और कन्हैया खेतान ने कहा कि रेलवे प्रशासन आम लोगों की समस्याएं सुनने को तैयार नहीं है, इसलिए आंदोलन ही एकमात्र रास्ता बचा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठानी होगी।अभय राम, दीपालोक, मनूवर, सुनील कुमार और निरंजन कुमार राय समेत अन्य लोगों ने भी चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान निरंजन कुमार, विक्रम कुमार, नकुल साहू, मुन्ना राम, गुड्डू कुमार, कृपालु पांडेय, छोटेलाल राणा, सुनील वर्मा समेत कई लोग मौजूद थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.