Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह:- कोयला मजदूर की हत्या के बाद कबरीबाद खदान में हंगामा, पुलिस से धक्का-मुक्की।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह जिले के कबरीबाद कोयला खदान में कोयला मजदूर दिलीप दास की हत्या के बाद बुधवार को परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। आक्रोशित परिजन सदर अस्पताल से बिना पोस्टमार्टम कराए शव को लेकर सीधे खदान पहुंच गए और वहां विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार, परिजन सरकारी स्ट्रेचर पर शव लेकर अस्पताल से निकल गए, जबकि अस्पताल में पहले से पुलिस बल तैनात था। इसके बावजूद परिजन और ग्रामीण करीब आठ किलोमीटर दूर कबरीबाद खदान तक पहुंच गए। खदान परिसर में जब भीड़ साइट कार्यालय की ओर बढ़ी तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।

इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। हालांकि भीड़ पुलिस को धक्का देते हुए साइट कार्यालय में घुस गई और सीसीएल प्रबंधन व पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगी। स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब भीड़ में शामिल एक युवक ने पेट्रोल से भरी बोतल निकाल ली। मौके पर मौजूद सदर एसडीपीओ जितवाहन ने तत्परता दिखाते हुए युवक से बोतल छीनकर संभावित हादसे को टाल दिया। घटना के बाद खदान परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि परिजनों और ग्रामीणों का विरोध जारी है। मामले को शांत कराने के लिए सदर अंचल अधिकारी जितेंद्र प्रसाद और बीडीओ गणेश रजक मौके पर पहुंचकर वार्ता कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.