मधुबन में मजदूर-किसान एकता रैली, केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ हल्ला बोल का आह्वान।
SHIKHAR DARPANWednesday, May 06, 2026
0
मधुबन,शिखर दर्पण संवाददाता।
मजदूर दिवस सप्ताह के तहत मंगलवार को मधुबन के हटिया मैदान में असंगठित मजदूर मोर्चा एवं माले के संयुक्त तत्वावधान में आमसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद बेदी पर माल्यार्पण के साथ हुई, जिसके बाद झंडोत्तोलन कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। सभा के बाद सैकड़ों मजदूरों, किसानों, महिलाओं और युवाओं ने मधुबन बाजार में रैली निकाली। रैली में लाल झंडों और नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। सभा को संबोधित करते हुए माले के जिला सचिव अशोक पासवान ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि मजदूरों और गरीबों के हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने मजदूरों से एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया और शिकागो के ऐतिहासिक मजदूर आंदोलन को याद किया। असंगठित मजदूर यूनियन के नेता अजीत राय ने कहा कि मजदूर, किसान, छात्र, बेरोजगार, महिलाएं और गरीब वर्ग को एकजुट होकर जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करनी होगी।
उन्होंने संगठन विस्तार पर जोर देते हुए डोली मजदूरों की समस्याओं को उठाया। वहीं, वरिष्ठ नेता पूरन महतो ने सभी वर्गों से आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की अपील की। माले नेता राजेश सिन्हा ने क्षेत्रीय मुद्दों को उठाते हुए कहा कि मजदूरों के हितों की अनदेखी हो रही है और नए लेबर कोड से मजदूरों पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने में द्वारिका राय, बसंत कर्मकार, हराधन तुरी, सूरज तुरी, मंसू हांसदा, योगेश्वर महतो, परशुराम महतो, रेशमी देवी, धर्मी देवी, सोहन महतो, चिरंजीवी महतो, लक्ष्मण महतो, चरण महतो, मंगर बास्के, मनोहर महतो, जागेश्वर महतो सहित कई कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही। इस मौके पर नागेश्वर महतो, चुन्नू तबारक, मसूदन कोल, लखन कोल, भीम कोल, दिलचंद कोल, धनेश्वर कोल, राजन तुरी, प्रसादी राय, चंदन टुडू, सकलदेव कोल, धूम्मा टुडू, गुलाब कोल समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।