बेंगाबाद के कोलेहरिया जंगल से 6 साइबर अपराधी गिरफ्तार, 11 मोबाइल व 5 बाइक बरामद।
SHIKHAR DARPANWednesday, May 13, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह पुलिस द्वारा लगातार साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर 6 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। जिसे लेकर बुधवार को गिरिडिह पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार ने प्रेस वार्ता आयोजित कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बसनवारी स्थित कोलेहरिया जंगल में साइबर अपराधियों के सक्रिय होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी फोन के माध्यम से साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस उपाधीक्षक साइबर क्राइम के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित कर जंगल क्षेत्र में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में महेंद्र कुमार मंडल, कृष्णा कुमार मंडल उर्फ बागी, ईश्वर मंडल, पंकज कुमार मंडल, राजेश कुमार मंडल एवं आदित्य कुमार मंडल शामिल हैं। सभी आरोपी बेंगाबाद थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी बताए गए हैं।पुलिस ने मौके से 11 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड तथा 5 बाइक बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे “महानगर गैस बिल अपडेट एपीके”, “ई-चालान चेक एपीके” और “एमजीएल गैस एपीके” जैसे फर्जी लिंक भेजकर लोगों को झांसे में लेकर साइबर ठगी करते थे। इस मामले में गिरिडीह साइबर थाना कांड संख्या 14/2026 दिनांक 12.05.2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों में से कुछ का पूर्व में भी साइबर अपराध का इतिहास रहा है। छापामारी दल में आबिद खां पुलिस उपाधीक्षक साईबर,रामेश्वरम भगत साईबर थाना प्रभारी,गुंजन कुमार पुलिस अवर निरीक्षक साईबर,संजय मुखियार, हकीमुद्दीन अंसारी सहित कई शामिल थे।