चावल खरीदने के बहाने दुकान में घुसे बदमाश, दंपती से मारपीट कर 50 हजार और सोने की चेन लूटी।
SHIKHAR DARPANWednesday, May 13, 2026
0
जमुआ,शिखर दर्पण संवाददाता।
जमुआ बाजार में मंगलवार देर शाम एक दुकान में घुसकर दो युवकों द्वारा मारपीट, लूटपाट और छिनतई की घटना को अंजाम देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही जमुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मिली जानकारी के अनुसार जमुआ थाना क्षेत्र निवासी बंसी साव (60 वर्ष), पिता स्वर्गीय सुकर साव, सोमवार 12 मई 2026 की रात करीब 8:30 बजे अपनी दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक दुकान पर पहुंचे और चावल खरीदने की बात कहकर दुकान खुलवाया। जैसे ही दुकान खोली गई, दोनों युवक अंदर घुस गए और अचानक बंसी साव के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित के शोर मचाने पर उनकी पत्नी बीच-बचाव के लिए पहुंचीं, लेकिन आरोप है कि अपराधियों ने उनके साथ भी मारपीट की।
इस दौरान बदमाश दुकान के गल्ले में रखे करीब 50 हजार रुपये निकाल ले गए। वहीं महिला के गले से सोने की चेन भी छीन ली गई। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों युवक दुकान के पीछे के रास्ते से फरार हो गए। वारदात के बाद आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही जमुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी घटना के बाद बाजार के व्यवसायियों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।