Type Here to Get Search Results !

भाजपा महानगर जिला की संगठनात्मक बैठक संपन्न, 5 से 21 जून तक चलने वाले अभियान को सफल बनाने पर जोर।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

भारतीय जनता पार्टी महानगर जिला की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक रविवार को जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में गिरिडीह महानगर के नवनियुक्त संगठनात्मक जिला प्रभारी डॉ. संजय सिंह उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता महानगर जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने की, जबकि संचालन महामंत्री संदीप डांगेईज ने किया। बैठक की शुरुआत जिला प्रभारी डॉ. संजय सिंह ने जिला पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, मंडल अध्यक्षों, महामंत्रियों तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास, विकास एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जाने वाले अभियान के लिए गठित टोली के सदस्यों से परिचय प्राप्त कर की। डॉ. संजय सिंह ने महानगर जिले की संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा संगठन को बूथ और ग्रास रूट स्तर तक मजबूत करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व द्वारा निर्देशित सभी कार्यक्रमों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।उन्होंने बताया कि 5 जून से 21 जून तक "विश्वास, विकास और जनकल्याण के 12 वर्ष" अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी माता के नाम एक पौधा लगाएगा और उसके संरक्षण का संकल्प लेगा। प्रत्येक मंडल में योग शिविर आयोजित किए जाएंगे तथा जिले के सभी 16 मंडलों से 500 प्रबुद्धजनों की सूची तैयार कर उनके घर-घर जाकर संपर्क किया जाएगा। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम "मन की बात" की भी समीक्षा की गई। प्रभारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक बूथ पर भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं स्थानीय नेता सामूहिक रूप से मन की बात कार्यक्रम को सुनने का कार्य करें।

जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने कहा कि महानगर जिला केंद्र एवं प्रदेश नेतृत्व द्वारा निर्देशित सभी कार्यक्रमों का सफल क्रियान्वयन कर रहा है। साथ ही स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर भी लगातार आंदोलन चलाया जा रहा है। उन्होंने जिला प्रभारी को विश्वास दिलाया कि उनके मार्गदर्शन में महानगर जिला संगठनात्मक दृष्टिकोण से प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल होगा। बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष प्रकाश सेठ, यदुनंदन पाठक, प्रदीप साहू, दिनेश यादव, इ. विनय सिंह, डॉ. शैलेंद्र चौधरी, मनोज सिंह, अरुण हाजरा, नवीन सिन्हा, संगीता सेठ, सुरेश प्रसाद मंडल, दीपक यादव, गुड़िया कुमारी, संजीव कुमार, रिंकी देवी, संत कुमार लल्लू, रंजीत बरनवाल सहित जिले के सभी मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.