संदेहास्पद परिस्थिती में महिला की मौत, क्षेत्र में जितनी मुंह उतनी बात ।
SHIKHAR DARPANSunday, May 31, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ थाना क्षेत्र के केन्दुआडीह गांव में 35 वर्षीय रानी मरांडी की संदेहास्पद परिस्थिती में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं मौत को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। जानकारी के अनुसार रानी मरांडी शनिवार रात अपने घर में सोई हुई थी। देर रात उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों एवं ग्रामीणों ने एंबुलेंस सेवा से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन रात करीब एक बजे किए गए फोन कॉल का कोई जवाब नहीं मिला। इसी दौरान महिला की मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि मृतका के गर्दन पर सांप काटने जैसे निशान दिखाई दे रहे थे। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है और मौत के कारणों को लेकर कई तरह की आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतका के पति बुधन बास्के की भी लगभग छह माह पूर्व इसी प्रकार की परिस्थिति में मौत हुई थी। रानी मरांडी अपने पीछे चार बेटियां और दो छोटे बेटे छोड़ गई हैं। माता-पिता के निधन के बाद बच्चों के भविष्य को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। वहीं स्वजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पोस्टमार्टम नहीं होने के कारण मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और ग्रामीणों के बीच मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।