Type Here to Get Search Results !

जनगणना 2027: स्व-गणना में बढ़ी सहभागिता मंत्री सुदीव्य कुमार बोले—हर नागरिक निभाए जिम्मेदारी।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत चल रहे “स्व-गणना (Self Enumeration)” अभियान को सफल बनाने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली, जब माननीय मंत्री सुदीव्य कुमार, महापौर गिरिडीह प्रमिला मेहरा, अपर समाहर्ता बिजय सिंह बीरूआ, उप नगर आयुक्त प्रशांत लायक, सहायक नगर आयुक्त अशोक हांसदा सहित राजस्व कार्यालय के अधिकारियों एवं अन्य कर्मियों ने स्वयं स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लेकर आम नागरिकों के लिए प्रेरणास्रोत का कार्य किया। इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने निर्धारित पोर्टल के माध्यम से अपनी-अपनी जानकारी दर्ज करते हुए यह संदेश दिया कि स्व-गणना न केवल एक सरल एवं सुविधाजनक प्रक्रिया है, बल्कि यह नागरिकों की सहभागिता को सुनिश्चित करने का एक सशक्त माध्यम भी है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुदीव्य कुमार ने कहा कि “जनगणना देश के समग्र विकास की आधारशिला है। स्व-गणना के माध्यम से आम नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं, जिससे पारदर्शिता एवं सटीकता सुनिश्चित होती है। मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूँ कि वे इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें और देश के विकास में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। महापौर गिरिडीह प्रमिला मेहरा ने भी नागरिकों से आग्रह किया कि वे इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं और समय-सीमा के भीतर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करें। उन्होंने कहा कि इससे न केवल प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता आएगी, बल्कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी सहायता मिलेगी। अपर समाहर्ता बिजय सिंह बीरूआ ने बताया कि स्व-गणना हेतु नागरिकों के लिए विशेष पोर्टल उपलब्ध कराया गया है, जहाँ वे आसानी से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। साथ ही, जरूरत पड़ने पर सहायता के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.