इसरी बाजार में बेकाबू ट्रक का कहर, 13 वाहनों को रौंदा; चार की मौत, कई घायल।
SHIKHAR DARPANSaturday, May 09, 2026
0
डुमरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
निमियाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत इसरी बाजार में शुक्रवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक, कार समेत करीब 13 वाहनों को रौंद डाला। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बगोदर की ओर से आ रहा ट्रक संख्या JH 02 BL 1853 बस पड़ाव के समीप एक बाइक को सटाते हुए तेज गति से इसरी की ओर भागने लगा। इसी दौरान इसरी पुल से पहले ट्रक ने एक बाइक और टाटा मैजिक को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी दो कार समेत कई वाहनों को कुचलता चला गया। आखिरकार ट्रक एक चहारदीवारी तोड़ते हुए बिजली के पोल से टकराकर रुका। हादसे में कुल 13 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों और निमियाघाट पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।
जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। कुछ अन्य घायलों का इलाज निजी अस्पतालों में भी चल रहा है। मृतकों में डुमरी के नावाटांड़ निवासी कारी इरशाद (46), गिरिडीह निवासी सुजीत (37) तथा सिमरबेड़ा निवासी संतोष महतो (32) की पहचान हुई है, जबकि एक अन्य मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। घायलों में नावाटांड़ की रुखसार खातून, रांगामाटी निवासी सागीर, इसरी की सुधा वर्मा तथा बगोदर निवासी संजय कुमार साव शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही गिरिडीह डीसी रामनिवास यादव, डुमरी के प्रभारी एसडीएम संतोष गुप्ता, सीओ शशिभूषण वर्मा, पीरटांड़ सीओ ऋषिकेश मरांडी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। हादसे के बाद कुछ देर तक सड़क पर यातायात भी बाधित रहा।