इसरी बाजार में भीषण सड़क हादसा, 5 की मौत, 20 से अधिक घायल।
SHIKHAR DARPANFriday, May 08, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जिले के इसरी बाजार में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाजार क्षेत्र में कई वाहनों और राहगीरों को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक अचानक नियंत्रण खो बैठा और बाजार में घुसते हुए सड़क किनारे चल रहे लोगों, बाइक एवं अन्य वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण, स्पीड मॉनिटरिंग और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।