पहले ही प्रयास में NDA में सफलता, उज्ज्वल बने जिले का गौरव।
SHIKHAR DARPANWednesday, April 15, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड के बिशनपुर गांव निवासी उज्ज्वल पांडेय ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित NDA परीक्षा में पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया रैंक 104 हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उज्ज्वल पांडेय, उमेश कुमार पांडेय एवं सविता देवी के पुत्र हैं। वे दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गिरिडीह के एक स्थानीय विद्यालय से पूरी की और इसके बाद कड़ी मेहनत व लगन से NDA की तैयारी कर यह मुकाम हासिल किया।इस सफलता के साथ उज्ज्वल का चयन भारतीय वायु सेना में फाइटर पायलट के रूप में हुआ है।
प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद वे फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर देश की सेवा करेंगे। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, गांव और पूरे गिरिडीह जिले में गर्व और खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों व गणमान्य व्यक्तियों ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत करार दिया है। पंचायत समिति सदस्य नवीन सिंह ने कहा कि उज्ज्वल का परिवार काफी संघर्षों से गुजरा है। एक समय कठिन परिस्थितियों के कारण उन्हें गिरिडीह में बसना पड़ा, लेकिन आज उसी परिवार के बेटे ने यह बड़ी उपलब्धि हासिल कर सभी को गौरवान्वित किया है।