विवाहिता की संदेहास्पद मौत, परिजनों ने पति पर लगाया हत्या का आरोप/तिसरी के लोकाय थाना क्षेत्र की घटना।
SHIKHAR DARPANTuesday, April 07, 2026
0
तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड अंतर्गत लोकाय थाना इलाके के मानपुर - कहुवाई गांव में सोमवार की रात एक विवाहिता की संदेहास्पद मौत हो गई है। मृतका गांव के ही महेश राय की पत्नी सरिता देवी थी। मिली जानकारी के अनुसार, गावां प्रखंड के हड़हड़ा गांव निवासी सरिता देवी (पिता- प्रकाश राय) की शादी वर्ष 2022 में तिसरी प्रखंड के मानपुर कहुवाई निवासी महेश राय (पिता- भगीरथ राय) के साथ हुई थी। ससुराल वाले के अनुसार देर रात सरिता देवी ने फांसी के फंदे से झूलकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
सूत्रों के मुताबिक, मृतका गर्भवती भी थी, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। वहीं मृतका की मां ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका अपने पीछे एक साल की मासूम बच्ची को छोड़ गई। इधर घटना की सूचना मिलते ही लोकाय थाना प्रभारी अमित कुमार एवं थानसिंहडीह थाना प्रभारी नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है, पुलिसिया जांच में ही सारी चीजें स्पष्ट हो पायेगी।