अवैध बालू उठाव के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार सुबह दो ट्रैक्टरों को जब्त किया। तिसरी के अंचलाधिकारी अखिलेश प्रसाद ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर बालू लदे दोनों ट्रैक्टरों को पकड़ा और तिसरी थाना को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार, पहला ट्रैक्टर स्वराज गांवां-गिरिडीह मुख्य मार्ग स्थित मचनियाटांड़ से जबकि दूसरा आयसर ट्रैक्टर कोदईबांक–कलवा नदी रोड पर डीपीएस स्कूल के समीप पकड़ा गया।
सीओ अखिलेश प्रसाद ने बताया कि कार्रवाई के दौरान दोनों ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। ट्रैक्टर मालिकों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नदी से अवैध तरीके से बालू का उठाव और भंडारण करना कानूनन अपराध है और किसी भी कीमत पर इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन द्वारा आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।