Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह के शहरी क्षेत्र में खुद महापौर ने संभाली सफाई की कमान।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह में शुक्रवार की सुबह महापौर प्रमिला मेहरा ने शहर की साफ-सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वे खुद सड़कों पर उतरकर विभिन्न इलाकों का जायजा लेती नजर आईं। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड के समीप भारी गंदगी और कचरे का अंबार देखकर उन्होंने विभाग के कर्मियों को फटकार लगाई औऱ नाराजगी जाहिर की। गंदगी के कारण आम लोगों को हो रही परेशानी पर भी उन्होंने चिंता व्यक्त की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महापौर ने खुद सफाई की कमान संभाली और निगम के सफाईकर्मियों के साथ बस स्टैंड के आसपास सफाई अभियान चलाया। मौके पर ही उन्होंने संबंधित ठेकेदार को फोन कर तत्काल सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने साफ कहा कि शहर की स्वच्छता से कोई समझौता नहीं होगा और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इधर, सफाई अभियान से पहले सफाईकर्मी वेतन भुगतान में देरी को लेकर नाराज थे। सूचना मिलने पर महापौर नगर निगम कार्यालय पहुंचीं और कर्मचारियों से बातचीत की। कर्मचारियों ने वेतन सहित अन्य समस्याएं उनके सामने रखीं और जल्द समाधान की मांग की। महापौर प्रमिला मेहरा ने कर्मियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि शहर की साफ-सफाई बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.