जान-माल की सुरक्षा के लिए बिजली विभाग में संसाधनों और मैनपावर की कमी दूर करे सरकार - राजेश यादव।
SHIKHAR DARPANThursday, April 16, 2026
0
गांडेय,शिखर दर्पण संवाददाता।
पूर्व जिप सदस्य एवं ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक नेता राजेश यादव ने आज गांडेय प्रखंड के सगरभांगा गांव जाकर वहां 11 हजार बिजली की तार गिरने से कल 6 मवेशियों की मौत से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल लिया। इसके पूर्व श्री यादव ने गांडेय पावर हाउस जाकर भी वहां मैनपावर और संसाधनों की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। श्री यादव ने कहा कि, यह कोई पहली और आखिरी घटना नहीं है। बिजली विभाग में संसाधनों और मैनपावर की भयंकर कमी की जो स्थिति है, उससे जान-माल पर हमेशा ही खतरा बना हुआ है। कहा कि, घटनास्थल पर 11000 बिजली का पोल की दूरी देखकर साफ पता चलता है कि, इसे निश्चित से कहीं ज्यादा दूरी पर गाड़ा गया है, जिससे इस तरह की घटनाएं हो सकती है। साथ ही उन्होंने कहा कि, गांडेय प्रखंड के सभी 6 फीडर के अलावे इनकमिंग आउटगोइंग और एग्रीकल्चर कनेक्शन के लिए भी मौजूदा सिस्टम की समुचित देखभाल करने के लिए जितने कर्मियों की आवश्यकता है, उससे आधे से भी कम लोग यहां तैनात हैं।
जाहिर है उनके ऊपर वर्कलोड बढ़ा हुआ है और उन्हें पगार भी बहुत कम मिलती है। यही नहीं, पावर स्टेशन में अति आवश्यक संसाधनों की भी कमी है, सभी फीडर में अर्थ फाल्ट ओवर करंट 'रिले' सिस्टम भी नहीं लगा है, जिस कारण कहीं कोई फाल्ट होने पर पॉवर ऑटो कट का सिस्टम लगभग नहीं के बराबर है। इससे घटनाओं को घटित होने से रोका नहीं जा सकता। कहा कि, यह स्थिति गांडेय प्रखंड की जनता के जान-माल के साथ सीधा खिलवाड़ है, और इसके लिए सरकार सीधे तौर पर जिम्मेवार है। उन्होंने सगरभांगा घटना से प्रभावित हुए परिवारों को पर्याप्त मुआवजा और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सभी फीडर और गांडेय पावर स्टेशन में भी पर्याप्त कर्मियों और संसाधनों की आपूर्ति की मांग सरकार से की है, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी। इस अवसर पर पार्टी नेता मनोज यादव सहित स्थानीय सफीक अंसारी, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि कुर्बान अंसारी, पीड़ित परिवार के तालिब मियां, शहीद मियां, नूरजहां खातून सहित कई अन्य मौजूद थे।