भू-माफियाओं द्वारा रैयती तथा सर्वे व उपयोग के रास्ते की जमीन घेराबंदी पर रोक लगाए प्रशासन- राजेश यादव।
SHIKHAR DARPANTuesday, April 21, 2026
0
बेंगाबाद,शिखर दर्पण संवाददाता।
बेंगाबाद थाना क्षेत्र के दोरहिया के पास स्थानीय लोगों की रैयती जमीन के अलावा सर्वे आम रास्ता तथा सार्वजनिक उपयोग के रास्ते की जमीन भू-माफियाओं द्वारा सांठ-गांठ कर घेरने की कोशिश के विरुद्ध आज ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक की अगुवाई में एक बैठक की गई। बैठक में प्रशासन से रास्ते की जमीन की घेराबंदी मुक्त कराने सहित गरीब रैयतों की पुश्तैनी जमीन की सुरक्षा की भी मांग की गई।बैठक में मौजूद पूर्व जिप सदस्य एवं फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक राजेश यादव के समक्ष स्थानीय लोगों ने अपनी पीड़ा का बयान किया। लोगों की बातों को सुनने के बाद श्री यादव ने कहा कि, बाहर से आकर किसी गांव में जैसे-तैसे एग्रीमेंट लेकर लोगों की जमीन पर धावा बोलना गलत है। हर चीज का एक विधि सम्मत तरीका है, लेकिन इसे दरकिनार कर किसी भी जमीन को जबरन छीन लेने या लोगों के रास्ते की जमीन तक घेर लेने की कार्रवाई का विरोध किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि, कई पीढियां से आने-जाने के रास्ते की जमीन की घेराबंदी कैसे हो सकती है? इसी तरह सर्वे रास्ते की जमीन के अलावा लोगों के आम उपयोग के रास्ते की जमीन को भी लोग कैसे घेर सकते हैं? इसी तरह, कोई रैयत अगर अपनी जमीन बेचना नहीं चाहते, तो जबरन उनकी जमीन की बाहरी घेराबंदी कर उन्हें जमीन बेचने के लिए बाध्य कर देना भला कैसे बर्दाश्त किया जा सकता है.?
उन्होंने इसके खिलाफ प्रशासन को आवेदन देने की सलाह दी। साथ ही, लोगों से एकजुट होने की भी अपील की। श्री यादव ने लोगों से ऑल इंडिया अग्रगामी किसान सभा का गठन कर अपने हक की लड़ाई तेज करने की अपील की, जिसका मौजूद लोगों ने समर्थन देते हुए शीघ्र ही संगठन का गठन कर अपने हक की लड़ाई शुरू करने का ऐलान किया। मौके पर जिन लोगों की जमीन जबरन छीनी जा रही है, उनमें से पूरन सिंह, हाकिम सिंह, किष्टु सिंह, फोदार सिंह, विशुन सिंह, मांझो सिंह साथ ही जिनके जमीन या खेत में जाने का रास्ता बंद किया जा रहा है उनमें से यासीन अंसारी, शमशुल अंसारी, इदरीश अंसारी, मो आलम अंसारी, हनीफ अंसारी, अशरफ अंसारी, निजामुल अंसारी, नासिर अंसारी आदि मौजूद थे।