सड़क हादसे में घायल युवक की मौत के बाद कोल्डीहा में बवाल, घंटों जाम के बाद खुला मार्ग।
SHIKHAR DARPANSunday, April 12, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
नगर थाना क्षेत्र के कोल्डीहा में बीते शुक्रवार को हुए सड़क हादसे ने सोमवार को तूल पकड़ लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल मो. नियाज अंसारी की इलाज के दौरान रविवार देर रात मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग को कोल्डीहा के पास जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीण मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे। करीब कई घंटों तक चले जाम के बाद मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों से बातचीत की। मंत्री के आश्वासन के बाद ही लोगों ने जाम हटाया, जिससे आवागमन सामान्य हो सका। इस दौरान वार्ड पार्षद नूरुल होदा ने आरोप लगाया कि घटना के बाद जब वे नगर थाना आवेदन देने पहुंचे, तो वहां मौजूद एसआई विक्रम सिंह ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों को संबंधित एसआई को निलंबित करने तथा मामले के जांच अधिकारी (आईओ) को बदलने का निर्देश दिया। मृतक के परिजन मोईन अंसारी ने बताया कि नियाज अंसारी घर से सड़क की ओर निकले थे, तभी तेज रफ्तार बाइक सवार ने गलत दिशा से आकर उन्हें टक्कर मार दी। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया। इस पर मंत्री ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। परिजनों के अनुसार, नियाज अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनके भरण-पोषण की चिंता परिवार को सता रही है। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा दिया जाएगा और बच्चों की पढ़ाई समेत हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश भी दिया गया। मौके पर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, डीएसपी नीरज सिंह, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह और मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।