गिरिडीह में युवक की बेरहमी से हत्या, आधी रात की वारदात से सनसनी।
SHIKHAR DARPANMonday, April 27, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
पचम्बा थाना क्षेत्र के आजाद नगर स्थित चदरा पुल के पास सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि 24 वर्षीय तौफिक अंसारी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 12 बजे तौफिक के मोबाइल पर उसके परिचित आसिफ अली का फोन आया। फोन मिलने के बाद वह अपने कुछ दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचा। वहां पहले से मौजूद आसिफ अली, बंटी टायसन, साकिब अली, मोनू पठान और अरशद ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने तौफिक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
जान बचाने के प्रयास में वह जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपियों ने उस पर लगातार वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसके साथ गए अन्य युवक किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकले और परिजनों को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने तौफिक को खून से लथपथ हालत में पाया। बताया जा रहा है कि मरने से पहले तौफिक ने हमलावरों के नाम बताए, जिसका रिकॉर्ड उसके मोबाइल में भी मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल के पास नाले से मृतक का मोबाइल भी बरामद किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।