लोहरदगा में अनाथ बच्चों के लिए जगी उम्मीद, सीएम ने दिए त्वरित सहायता के निर्देश।
SHIKHAR DARPANThursday, April 23, 2026
0
लोहरदगा,शिखर दर्पण संवाददाता।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोहरदगा जिले के तीन अनाथ बच्चों की दयनीय स्थिति पर संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को तत्काल मदद पहुंचाने का निर्देश दिया है। बताया जा रहा है कि कैरो प्रखंड के डुमरटोली गांव में रहने वाले तीन मासूम भाई-बहनों के सिर से हाल ही में माता-पिता का साया उठ गया, जिसके बाद उनका जीवन बेहद कठिन परिस्थितियों में गुजर रहा है। यह मामला तब सामने आया जब सामाजिक कार्यकर्ता ब्यूटी मंडल ने सोशल मीडिया के जरिए बच्चों की स्थिति को साझा करते हुए मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की अपील की।
पोस्ट पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने उपायुक्त (DC) को निर्देशित किया कि बच्चों की स्थिति का तुरंत आकलन कर उन्हें हरसंभव सरकारी सहायता, शिक्षा और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार बच्चों के सुरक्षित भविष्य को लेकर प्रतिबद्ध है और ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।सीएम के इस निर्देश के बाद अब इन बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। स्थानीय स्तर पर भी इस पहल की सराहना की जा रही है और प्रशासन से जल्द राहत पहुंचाने की अपेक्षा जताई जा रही है।