गिरिडीह के गावां–सतगावां मुख्य पथ पर तेज रफ्तार कार ने चार लोगों को रौंदा, एक की मौत, तीन घायल।
SHIKHAR DARPANFriday, April 17, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र अंतर्गत गावां–सतगावां मुख्य पथ पर जोड़ासिमर में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार अनियंत्रित इर्टिगा कार ने सड़क किनारे बैठे लोगों को कुचल दिया, जिसके बाद वाहन पास के केले के पेड़ से टकरा गया। टक्कर के बाद दो लोग पेड़ के नीचे दब गए, जिन्हें ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।इस हादसे में जोड़ासिमर निवासी 50 वर्षीय सरयू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 28 वर्षीय श्रीकांत सिंह, 35 वर्षीय निरंजन सिंह और 60 वर्षीय भीम राजवंशी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल गावां सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टर नौशाद आलम ने सरयू सिंह को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल श्रीकांत और निरंजन को सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर किया गया, जबकि भीम राजवंशी का प्राथमिक उपचार कर छुट्टी दे दी गई।
घटना की सूचना पर गावां थाना प्रभारी जय प्रकाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन कथित देरी से पहुंचने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस वाहन पर पथराव कर दिया। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह खुद को भीड़ से सुरक्षित निकाला। बाद में पसनोर मुखिया अजय साव और अन्य समाजसेवियों ने ग्रामीणों को शांत कराया।इधर, कार चालक नगवां निवासी बबलू यादव को ग्रामीणों ने पकड़कर एक घर में बंधक बना लिया। मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जोड़ासिमर में सड़क जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर लंबा जाम लग गया। गावां और तिसरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर जाम हटाने में जुटी है। विधायक प्रतिनिधि मुन्ना सिंह, शेखर पासवान, उमेश साव और मरगूब आलम समेत कई जनप्रतिनिधि ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी।