Type Here to Get Search Results !

श्री सम्मेद शिखरजी में स्वच्छता की बड़ी पहल: मधुबन से वंदना पथ तक लगेंगे डस्टबिन, मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने किया शुभारंभ।

पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।

जैन धर्मावलंबियों के विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री सम्मेद शिखरजी (मधुबन) में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “एक कदम स्वच्छता की ओर” अभियान के तहत व्यापक पहल शुरू की गई। श्री शिखरजी स्वच्छता समिति, मधुबन के नेतृत्व में परसनाथ पर्वत से लेकर संपूर्ण वंदना पथ और मधुबन बाजार क्षेत्र में डस्टबिन लगाए जाने का निर्णय लिया गया है। अभियान के तहत आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की गई कि वे प्लास्टिक कचरा, पानी की बोतल और अन्य अपशिष्ट इधर-उधर न फेंकें, बल्कि निर्धारित डस्टबिन में ही डालें, ताकि पवित्र तीर्थ स्थल की स्वच्छता और गरिमा बनी रहे। इस पहल को लेकर परसनाथ पर्वत की तलहटी गेट में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू उपस्थित हुए। उनके साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज मरांडी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुमित कुमार, प्रमुख सविता टुडू, उप प्रमुख महेंद्र महतो, थाना प्रभारी दीपेश कुमार, पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह, वन विभाग पदाधिकारी अजय मंडल, निवर्तमान मुखिया प्रतिनिधि निर्मल तुरी, पंचायत समिति सदस्य लैका तुरी एवं चम्पा देवी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत सभी अतिथियों के पारंपरिक स्वागत से हुई, जिसमें उन्हें माल्यार्पण कर एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने डस्टबिन का विधिवत उद्घाटन किया और स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। अपने संबोधन में मंत्री ने इस पहल को अत्यंत सराहनीय बताते हुए कहा कि स्वच्छता से ही किसी भी धार्मिक स्थल की पहचान और गरिमा बनी रहती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पर्यटन विभाग द्वारा मधुबन सहित राज्य के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों को जल्द गति दी जाएगी। मंत्री ने यह भी घोषणा की कि मधुबन क्षेत्र में बीडीओ रैंक के एक पदाधिकारी को प्रतिनियुक्त किया जाएगा, ताकि शिखरजी की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि परसनाथ पर्वत की तलहटी में एक काउंटर बनाया जाए, जहां से पर्यटक सिंगल यूज प्लास्टिक की बजाय पुनः उपयोग योग्य पानी की बोतल लेकर पर्वत पर चढ़ाई करें। ओर लौटने के बाद उसे काउंटर पर जमा कर के चले जाए। इस संबंध में पीरटांड़ के बीडीओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

वही कार्यक्रम में उपमुखिया झरी महतो, महिला समिति सदस्य सोनी मिश्रा, जैन समाज मधुबन के पदाधिकारी अमित जैन, सत्येंद्र जैन, जैन संस्था के प्रबंधक सुभाष जैन, दीपक बेगानी, वीरेंद्र जैन, सुमन सिन्हा, मनोज जैन, संजीव पांडे, समिति के पदाधिकारी तेज नारायण महतो, भरत साहू, विद्या भूषण मिश्रा, अभिषेक सिंह, रितेश मंदीलवार, दिलीप तुरी, शैलेश जैन,रंजीत सिंह, संतोष जैन, नागेंद्र सिंह, बबलू जैन, दिलीप सिंह,विनोद राम, प्रवीण जैन, संतोष ठाकुर, सुनील गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस स्वच्छता अभियान से मधुबन और पारसनाथ पर्वत क्षेत्र में साफ-सफाई को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुंदर वातावरण मिल सकेगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.