तिसरी में अवैध पत्थर खदान पर छापेमारी, पोकलेन जब्त, चालक गिरफ्तार।
SHIKHAR DARPANFriday, April 03, 2026
0
तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
तिसरी प्रखंड अंतर्गत बरवाडीह पंचायत के चंदली गांव में अवैध रूप से संचालित पत्थर खदान पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को अंचलाधिकारी अखिलेश प्रसाद ने पुलिस बल के साथ छापेमारी कर एक पोकलेन मशीन जब्त कर ली, जिसे चालक समेत तिसरी थाना लाया गया।कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शुक्रवार को पोकलेन चालक रोहित कुमार सिंह (पिता–राजमंगल सिंह, निवासी मानपुर, गया) को कांड संख्या 30/2026 के तहत न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस संबंध में अंचलाधिकारी के लिखित आवेदन पर तिसरी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।आवेदन में बताया गया है कि खाता संख्या 19, प्लॉट संख्या 64 में कुल 45 एकड़ भूमि दर्ज है, जिसमें लगभग 45 डिसमिल जमीन गैरमजरुआ खास किस्म की जंगल भूमि है। इसी भूमि पर अवैध रूप से पत्थर खदान का संचालन किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान बड़े पैमाने पर पत्थर का खनन और उठाव किए जाने के प्रमाण मिले। यहां तक कि एक जीवित बरगद का पेड़ भी उखाड़ दिया गया था।कार्रवाई के दौरान खदान में मौजूद दो ट्रैक्टर (न्यू हॉलैंड 3037 और महिंद्रा 475 डीआई) मौके से जंगल की ओर भाग निकले। वहीं टाटा हिटाची एक्स 200 सुपर पोकलेन को भागने के क्रम में तिसरी थाना के सब-इंस्पेक्टर नंदजी राय ने खदेड़कर पकड़ लिया।पोकलेन चालक के अनुसार, मशीन का मालिक हजारीबाग जिले के बरही निवासी नंदलाल सिंह है। मामले में अवैध खनन और परिवहन के आरोप में ट्रैक्टर मालिक, पोकलेन मालिक सहित मुख्य आरोपी मनोज कुमार यादव (बलहरा, थाना गांवा), पप्पू पासवान (खरकोटा, थाना कोडरमा सदर), जन्नत अंसारी (महेशमरवा, थाना धनवार) समेत अन्य के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम 1957 के तहत मामला दर्ज किया गया है।पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।