ढिबरा चुनने गई आदिवासी महिला की जंगली हाथियों से कुचलकर मौत, तिसरी में शोक।
SHIKHAR DARPANTuesday, April 21, 2026
0
तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
जीविका की तलाश में कोडरमा गई तिसरी प्रखंड की एक आदिवासी महिला की जंगली हाथियों के हमले में दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान लोकाय-नयनपुर गांव निवासी चारो हेमब्रम की पत्नी शांति देवी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, शांति देवी कोडरमा के लुकईया जंगल क्षेत्र में ढिबरा चुनकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थी। वह अन्य मजदूरों के साथ जंगल में अस्थायी झोपड़ी बनाकर रह रही थी। सोमवार रात अचानक जंगली हाथियों का एक झुंड वहां पहुंच गया। हाथियों को देख अन्य लोग किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन शांति देवी उनकी चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मंगलवार को शांति देवी का शव उसके पैतृक गांव लोकाय-नयनपुर लाया गया, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि मृतका का पति और पुत्र दोनों ही प्रवासी मजदूर हैं।
*रोजगार के अभाव में बढ़ रहा पलायन:- तिसरी और आसपास के क्षेत्रों में रोजगार के अभाव के कारण स्थानीय मजदूरों का पलायन लगातार बढ़ रहा है। लोकाय और मनसाडीह इलाके के कई मजदूर कोडरमा के ढोडाकोला-लुकईया क्षेत्र में संचालित अवैध ढिबरा खदानों में काम करने को मजबूर हैं। पेट पालने के लिए मजदूर अपनी जान जोखिम में डालकर खदानों में उतरते हैं, जहां पहले भी कई लोगों की जान जा चुकी है। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में रोजगार की कमी और मजदूरों की असुरक्षित परिस्थितियों को उजागर कर दिया है।