Type Here to Get Search Results !

प्राइवेट स्कूलों द्वारा रि-एडमिशन वसूली का मामला//अभिभावकों की टीम ने प्रशासनिक अधिकारियों से की मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह जिले में प्राइवेट स्कूलों द्वारा रि-एडमिशन अथवा अन्य बहाने की जा रही अवैध वसूली के खिलाफ अभिभावकों की एक टीम ने आज गिरिडीह के प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर सरकार के नियमानुसार तत्काल इसमें हस्तक्षेप कर राहत दिलाने की मांग की।टीम की अगुवाई पूर्व जिप सदस्य राजेश यादव, धर्मेंद्र यादव, शाहबाज कादरी, मिथिलेश साव, गिरेंद्र यादव आदि कर रहे थे। अभिभावकों ने सर्वप्रथम झंडा मैदान में एक संक्षिप्त बैठक कर अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन तैयार किया। फिर उन्होंने क्रमशः गिरिडीह सदर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी तथा जिला उपायुक्त से मुलाकात कर अपनी बातों को रखा। उन्हें लिखित ज्ञापन भी सौंपा।टीम में शामिल लोगों ने अधिकारियों को बताया कि, कैसे इन विद्यालयों के द्वारा उनके यहां पढ़ने वाले बच्चों से अपने ही स्कूल में अगली कक्षा में प्रवेश करने पर रि-एडमिशन बोलकर पैसा लिया जा रहा है। किसी-किसी स्कूल में इसका नाम बदलकर राशि वसूली जा रही है। राशि अधिक न लगे इसके लिए एकाध स्कूल ने इसे किस्तों में लेना शुरू किया है। इसी तरह स्कूल ड्रेस और किताबें खरीदने के नाम पर भी मनमानी कर लूट मचाई जा रही है।

लोग शिक्षा के नाम पर इस दोहन से पिसे जा रहे हैं। इस दौरान टीम को यह पता चला कि, पिछले साल ही सभी स्कूलों को सरकार के द्वारा दिए गए मार्गदर्शन के आधार पर जिला प्रशासन द्वारा फीस निर्धारण करने के लिए कमेटी बनाने का आदेश दिया गया था। अभी कुछ दिनों पूर्व भी इसका एक रिमाइंडर दिया गया है। लेकिन गिनती के एक-दो स्कूलों को छोड़ शायद किसी ने भी इसका अनुपालन नहीं किया है। बहरहाल, अधिकारियों ने अभिभावकों के प्रतिनिधिमंडल को उनकी लिखित शिकायत के आलोक में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मुलाकात के बाद टीम की ओर से अभिभावकों से इस मामले में एकजुट होने की अपील की गई, ताकि प्राइवेट स्कूलों की मनमानी रोकी जा सके। यह भी कहा गया कि, अगर सरकारी स्कूली व्यवस्था एकदम से दुरुस्त रहती, तो लोगों को इस कदर निजी विद्यालयों के चंगुल में फंसना नहीं पड़ता।  इस दौरान मुख्य रूप से राजेश यादव, धर्मेंद्र यादव, शाहबाज कादरी, वीरेंद्र कुमार यादव, मिथिलेश साव, विनोद यादव, वीरेंद्र प्रसाद यादव, जीतू यादव, इनाम आलम, अजय कुमार, संजय चौधरी, चंदन कुमार, देवानंद हाजरा, अखिलेश राज सहित कई अन्य मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.