पीरटांड़ में पुलिस व सीआरपीएफ का संयुक्त सर्च ऑपरेशन, 64 बंडल कोडेक्स वायर बरामद।
SHIKHAR DARPANWednesday, April 22, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड के पारसनाथ पहाड़ के जंगल क्षेत्र में पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 64 बंडल कोडेक्स वायर बरामद किया है। यह सर्च ऑपरेशन 21 अप्रैल की रात प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर चलाया गया। पुलिस अधीक्षक गिरिडीह डॉ. बिमल कुमार एवं सीआरपीएफ कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी को सूचना मिली थी कि पारसनाथ के कानीडीह क्षेत्र स्थित चतरो जोकाई नाला के पास उग्रवादियों द्वारा किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान छिपाकर रखा गया है। इससे पहले हजारीबाग जिले में पुलिस और उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ में चार उग्रवादी मारे गए थे, जिसके बाद यह अलर्ट जारी किया गया था।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीआरपीएफ 154 बटालियन के सहायक कमांडेंट एवं गिरिडीह एएसपी अभियान सुरजीत कुमार के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। इस टीम में अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) सुरजीत कुमार, डिप्टी कमांडेंट अमित कुमार झा, खुुखरा थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार सिंह, इंस्पेक्टर ओम प्रकाश वर्मा सहित सीआरपीएफ की क्यू ऐ टी और जिला पुलिस बल के जवान शामिल थे। गठित टीम ने पारसनाथ के पहाड़ी क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाया। इस दौरान चतरो जोकाई नाला के पास से 64 बंडल कोडेक्स वायर बरामद किए गए। पुलिस का मानना है कि इन तारों का इस्तेमाल विस्फोटक उपकरण बनाने में किया जा सकता था।फिलहाल बरामद सामग्री को जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां इलाके में सतर्क हैं और आगे भी सर्च अभियान जारी रहने की संभावना है।