Type Here to Get Search Results !

गोलगप्पा खाने से फैली फूड प्वाइजनिंग: 6 वर्षीय बच्चे की मौत, 49 बीमार — विधायक कल्पना सोरेन ने लिया जायजा।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बजटो गांव में गोलगप्पा और चाट खाने से फैले फूड प्वाइजनिंग के मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। इस घटना में 6 वर्षीय रंजन कुमार की मौत हो गई, जबकि करीब 49 लोग बीमार पड़ गए। फिलहाल लगभग दो दर्जन मरीज गिरिडीह सदर अस्पताल में इलाजरत हैं और सभी को खतरे से बाहर बताया जा रहा है। मंगलवार को गांडेय विधानसभा की विधायक कल्पना सोरेन सदर अस्पताल पहुंचीं और वहां भर्ती बच्चों व अन्य मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति की विस्तृत जानकारी ली और अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि सभी को समुचित एवं बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। बताया जाता है कि बजटो गांव में ठेले पर बिक रहे गोलगप्पा और चाट खाने के बाद दर्जनों बच्चे अचानक बीमार पड़ गए थे।

उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद सभी को आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक मासूम की जान चली गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ठेला विक्रेता ओभी लाल रजक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में कैंप कर घर-घर सर्वे कर रही है और प्रभावित लोगों की जांच व उपचार सुनिश्चित कर रही है। घटना के बाद जिला प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे फूड प्वाइजनिंग का मामला माना जा रहा है। विधायक कल्पना सोरेन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.