गिरिडीह में अवैध विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में स्पिरिट और सामग्री जब्त, 4 आरोपी फरार।
SHIKHAR DARPANTuesday, April 07, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित तरीके से चल रहे अवैध विदेशी शराब निर्माण के नेटवर्क का खुलासा किया है। उपायुक्त राम निवास यादव के निर्देश पर अधीक्षक उत्पाद शिव कुमार साहू के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर भरकट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत चिताखारो गांव में छापेमारी की। बताया जाता है कि गांव स्थित एक धान के गोदाम में अवैध रूप से विदेशी शराब बनाने का काम किया जा रहा था। सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर छापा मारा की गई।
छापेमारी के दौरान गोदाम के अंदर बड़े पैमाने पर अवैध शराब निर्माण की सामग्री और तैयार शराब बरामद की गई, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यहां लंबे समय से संगठित रूप से यह धंधा संचालित किया जा रहा था। बरामद सामग्री में 370 लीटर स्पिरिट, 665 लीटर अवैध विदेशी शराब, 5 लीटर केरामेल, 4000 खाली बोतल, 1000 कार्टून, 11000 ढक्कन और 1000 होलोग्राम शामिल हैं। इतनी बड़ी मात्रा में सामग्री की बरामदगी से यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि यहां से बड़े स्तर पर नकली विदेशी शराब की सप्लाई की जा रही थी। हालांकि छापेमारी की भनक मिलते ही मौके पर मौजूद सभी आरोपी फरार हो गए।
इस मामले में अवैध शराब कारोबार से जुड़े कुल 4 अभियुक्तों के खिलाफ फरार अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई का नेतृत्व उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक रवि रंजन ने किया। छापेमारी में भरकट्टा थाना प्रभारी अमन कुमार, सशस्त्र बल, गृह रक्षक जवान तथा जिला बल के जवानों ने सक्रिय सहयोग दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।