Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह आउटडोर स्टेडियम में उपायुक्त ने जिला स्तरीय अस्मिता सिटी लीग 2026 का शुभारंभ किया, कहा कि यह प्रतियोगिता न केवल खेल प्रतिभाओं को निखारने का मंच है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी विकसित करने का सशक्त माध्यम है।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

जिला प्रशासन गिरिडीह के तत्वावधान में 25 एवं 26 अप्रैल 2026 को आयोजित जिला स्तरीय अस्मिता सिटी लीग 2026 का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बालिकाओं में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करना एवं उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपायुक्त रामनिवास यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।कार्यक्रम की शुरुआत में जिला खेल पदाधिकारी द्वारा अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डाला गया। इस दौरान मंच का संचालन अमन राज, जिला पर्यटन विशेषज्ञ के द्वारा किया गया।मुख्य अतिथि उपायुक्त रामनिवास यादव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज की बालिकाएं न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि खेल के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और कई मायनों में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि खेल से अनुशासन, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है, जो जीवन में सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास, समर्पण एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा जिले का नाम राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का आह्वान किया।

आगे उपायुक्त ने कहा कि यह प्रतियोगिता न केवल खेल प्रतिभाओं को निखारने का मंच है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि खेल हमें जीत और हार दोनों को स्वीकार करना सिखाते हैं और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उपायुक्त ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लें तथा अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगे बढ़ सकें और राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।प्रतियोगिता के अंतर्गत ताइक्वांडो एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताएं इंडोर स्टेडियम, गिरिडीह में आयोजित की गईं, जबकि एथलेटिक्स एवं कबड्डी प्रतियोगिताएं गिरिडीह स्टेडियम में संपन्न हुईं, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों की प्रतिभागी खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एथलेटिक्स प्रतियोगिता के अंतर्गत अंडर-14 वर्ग के 200 मीटर दौड़ में वर्षा कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि निशा मुर्मू द्वितीय एवं एलिस बड़ला (कार्मेल स्कूल) तृतीय स्थान पर रहीं। इसी वर्ग के 60 मीटर दौड़ में अक्षरा टुडू प्रथम, एलिस बड़ला द्वितीय तथा स्मृति मुर्मू तृतीय स्थान पर रहीं।सीनियर वर्ग के 100 मीटर दौड़ में रोशनी कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं सोनाली टुडू द्वितीय एवं नंदिता कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।

अंडर-17 वर्ग के 100 मीटर दौड़ में अदिति चौधरी प्रथम, राज नंदिनी द्वितीय एवं प्रिया सोरेन तृतीय स्थान पर रहीं, जबकि 200 मीटर दौड़ में शृष्टि हेस्सा ने प्रथम, प्रिया सोरेन ने द्वितीय एवं प्रीति वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।इसी प्रकार सीनियर वर्ग के 1500 मीटर दौड़ में विद्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शृष्टि कुमारी द्वितीय एवं रूपा कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं 200 मीटर दौड़ में कुमारी प्रज्ञा श्रीवास्तव ने प्रथम, रोशनी कुमारी ने द्वितीय एवं सोनाली टुडू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कबड्डी प्रतियोगिता के अंतर्गत अंडर-14 वर्ग में UMS Mangluskar एवं Yuva Kabaddi Academy के बीच फाइनल मुकाबला, अंडर-17 वर्ग में Saraswati Sishu Vidya Mandir, Giridih एवं Carmel School, Giridih के बीच फाइनल मुकाबला तथा सीनियर वर्ग में Indra the Fighter of India एवं EMRS Paliganj के बीच फाइनल मुकाबला दूसरे दिन आयोजित किए जाएंगे।प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। आयोजन को सफल बनाने में खेल पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं आयोजन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में विजेताओं को सम्मानित किया गया एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.