गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जिला उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के पेशम पंचायत में जल जीवन मिशन के तहत दिनांक 08 मार्च से 22 मार्च तक मनाए जा रहे “जल महोत्सव पखवाड़ा” के अवसर पर पेशम ग्रामीण जल आपूर्ति योजना परिसर में जल अर्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उप विकास आयुक्त, श्रीमती स्मृता कुमारी ने बताया कि जल अर्पण कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय मे जल स्रोतों के संरक्षण, पेयजल आपूर्ति से जुड़े बुनियादी ढांचों के रख-रखाव की भावना तथा इनके प्रति सामुदायिक स्वामित्व विकसित करना है। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में उपस्थित JSLPS समूह की दीदियों एवं जल सहिया बहनों को उप विकास आयुक्त महोदया द्वारा शॉल देकर सम्मानित किया गया। उप विकास आयुक्त ने अपने संबोधन मे ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति (VWSC) के गठन पर बल देते हुए समुदाय के लोगों को जल कर की राशि जल सहिया बहनों के माध्यम से समिति के खाते में नियमित रूप से जमा करने के लिए प्रेरित किया।
ताकि ग्रामीण जल आपूर्ति योजनाओं का संचालन और रख-रखाव सुचारू रूप से किया जा सके। कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त ने जल जीवन मिशन के तहत निर्मित ओवरहेड टैंक एवं पानी टंकी पर रक्षा सूत्र बांधकर योजना का प्रतीकात्मक रूप से संरक्षण का संकल्प लिया तथा इसे महिलाओं और समुदाय को समर्पित करते हुए पेशम ग्रामीण जल आपूर्ति योजना का हस्तांतरण किया।कार्यक्रम में कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल–02 अविक अंबाला ने कहा कि महिलाओं के नेतृत्व में जल आपूर्ति योजनाओं का संचालन अधिक प्रभावी ढंग से किया जाना है। सरकार द्वारा इस व्यवस्था को स्थापित कर दिया गया है, किंतु इसे सफलतापूर्वक संचालित करने की जिम्मेदारी हम सभी की है।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड उप-प्रमुख, UNICEF टीम, सभी महिला जनप्रतिनिधि, JSLPS समूह की महिलाएं, जल सहिया बहनें तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।