गिरिडीह में घरेलू गैस को लेकर अफरा-तफरी, एजेंसियों पर उमड़ी भारी भीड़।
SHIKHAR DARPANWednesday, March 11, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जिले में घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर बुधवार को अचानक अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों पर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने के लिए पहुंचने लगे, जिससे कई जगहों पर लंबी-लंबी कतारें लग गईं।कई उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में खड़े रहना पड़ा, जिससे एजेंसियों के बाहर भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बन गई। भीड़ बढ़ने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि देश में युद्ध जैसी स्थिति की चर्चाओं के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। इसी डर से लोग जल्द से जल्द गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों की ओर रुख कर रहे हैं।कई उपभोक्ताओं ने बताया कि लंबा इंतजार करने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल सका। वहीं गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है। जैसे ही नया स्टॉक पहुंचेगा, सभी उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध करा दी जाएगी।फिलहाल गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।