Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष राकेश महतो की हत्या, अधजला शव बरामद।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

निमियाघाट थाना क्षेत्र के खांखी जंगल से पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष राकेश महतो का अधजला शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हत्या से पहले उनके साथ मारपीट की गई और बाद में शव को जलाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया।डुमरी क्षेत्र के बड़े राजनीतिक चेहरों में शामिल राकेश महतो वर्ष 2016 में जिला परिषद चुनाव जीतकर अध्यक्ष बने थे। वे झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के लोकप्रिय नेता माने जाते थे। उनकी हत्या की खबर फैलते ही इलाके में मातम के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है।

झामुमो जिलाध्यक्ष ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही डुमरी एसडीपीओ सुमित कुमार के नेतृत्व में निमियाघाट और डुमरी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसपी डॉ. बिमल कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज करने और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है।एसडीपीओ ने पुष्टि करते हुए कहा कि राकेश महतो की हत्या की गई है और उनका शव निमियाघाट थाना क्षेत्र के खांखी जंगल से बरामद हुआ है। फिलहाल पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.