गिरिडीह में ड्रोन से निगरानी: रामनवमी को लेकर पुलिस अलर्ट, छतों की हुई सघन जांच।
SHIKHAR DARPANTuesday, March 24, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह में शौर्य, पराक्रम और भगवान राम के जन्मोत्सव के महापर्व रामनवमी व चेती नवरात्र को लेकर गिरिडीह पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। डीआईजी अंजनी कुमार झा के निर्देश के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है।डीआईजी ने एसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कई अहम निर्देश दिए थे, जिसमें असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने, सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के व्यापक इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया गया। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में मंगलवार को पुलिस ने ड्रोन के जरिए इलाके का सघन निरीक्षण किया।
सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव के नेतृत्व में मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो सहित पूरी टीम ने तिरंगा चौक, पुलिस लाइन मोड़ से लेकर बरवाडीह तक ड्रोन कैमरे से निगरानी की। इस दौरान आसपास के सैकड़ों घरों की छतों को खंगाला गया। पुलिस ने यह सुनिश्चित किया कि कहीं किसी छत पर पत्थरों का जमाव या कोई आपत्तिजनक सामग्री तो नहीं रखी गई है।एसडीपीओ ने बताया कि रामनवमी का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि वे आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए शांति के साथ पर्व मनाएं। जिला प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।